देहरादून : देहरादून में भूमि माफिया और धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस अब पहले से कहीं अधिक कड़ा रुख अपना रही है। इसी क्रम में रायपुर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पारंपरिक तरीके से मुनादी करवाई है। इनमें कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी शामिल हैं। मंगलवार 11 अगस्त को पुलिस ने इनके निवास स्थानों और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा की और नोटिस चस्पा किए।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, भानु प्रकाश भट्ट, जो मूल रूप से बनगांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में केसर वाला में निवास करते हैं, ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सूरत सिंह नेगी, हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी ने मजरा जॉलियो स्थित सवा बीघा भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने का प्रयास किया। भानु प्रकाश भट्ट इस भूमि पर केयरटेकर के रूप में कार्यरत हैं।
आरोपियों ने कथित रूप से भूमि पर लगी तारबाड़ को क्षतिग्रस्त किया, अवैध कब्जे का प्रयास किया तथा पीड़ित के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रायपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338, 61(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई और फरारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन तीनों आरोपी लगातार फरार रहे। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) हासिल किए। फिर भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे।

जब पारंपरिक प्रयास सफल नहीं हुए, तो पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त किए। इस आदेश के अनुपालन में मंगलवार को रायपुर पुलिस टीम आरोपियों के घरों पर पहुंची।
ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी का दृश्य
पुलिस ने आरोपियों के निवास स्थानों के मुख्य गेट, आसपास के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी करवाई। साथ ही न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा के नोटिस भी चस्पा किए गए। मुनादी के दौरान आरोपियों को न्यायालय के समक्ष निर्धारित समय पर पेश होने की जानकारी दी गई। यदि वे आदेशों का पालन नहीं करते हैं तो आगे वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
रायपुर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “भूमि धोखाधड़ी के मामले में सूरत सिंह नेगी, हर्षवर्धन सिंह और मोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज उनके आवास और सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा किया गया है।”








