अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तेज, देहरादून में कांग्रेस की बाइक रैली से लगा जाम!
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। शुक्रवार को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन कर न्याय की आवाज बुलंद की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आईएसबीटी से घंटाघर तक बाइक रैली निकाली। इस रैली में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक और पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। वहीं, शिमला बाईपास चौक से भी कार्यकर्ता बाइक रैली निकालते नजर आए।
प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। रैली के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि घंटाघर चौक पर जाम की स्थिति बन गई। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया।
अब देखना होगा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उठ रही यह आवाज आगे क्या असर दिखाती है।










