दलेर मेहंदी की लड़खड़ाई आवाज तो मंच पर पहुंचे मंत्री सुबोध उनियाल, बोले- बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए!
उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या उस वक्त चर्चा में आ गई, जब पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और उन्हें टोक दिया। बताया जा रहा है कि दलेर मेहंदी की आवाज लड़खड़ाने से मंत्री नाराज हो गए थे।
मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच से कहा कि उन्हें इसलिए बुलाया गया था, ताकि मेले में पहुंचे लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने कहा कि यह गलत बात है और बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दलेर मेहंदी से कहा कि जब आपसे ठीक से बोला भी नहीं जा रहा है, तो गाना कैसे गाएंगे।
इस पर दलेर मेहंदी ने जवाब देते हुए कहा कि सर, आपने मुझे इज्जत से बुलाया है। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि वह पांडाल में बैठ जाएं और उन्हें अच्छी प्रस्तुति देने का मौका दें।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पांडाल में दर्शकों की ओर से खूब शोर-शराबा होता रहा। दर्शकों मनवीर सिंह, राजेंद्र सिंह और सूरत सिंह के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।
हालांकि, इसके बावजूद दलेर मेहंदी ने अपने साथी कलाकारों के साथ पंजाबी गीतों की प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने ‘नमो-नमो’, ‘रब-रब’, ‘नना ना रे’ और ‘हो जाएगी बल्ले-बल्ले’ जैसे गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। पांडाल में मौजूद युवा पंजाबी गीतों पर झूमते नजर आए और देर रात तक डीजे की धुन पर भी दर्शक थिरकते रहे।










