देहरादून में हाइड्रा और ट्रक की जोरदार टक्कर! केबिन में फंसा चालक, फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर बचाई जान
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां राजपुर रोड पर साईं मंदिर के पास हाइड्रा और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत की और आखिरकार चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद घायल चालक को 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर मल्टी डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही देहरादून फायर स्टेशन से रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ट्रक नंबर UK 07CB 0920 और हाइड्रा के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया था और चालक मंसूर अली अंदर फंसे हुए थे। वह खुद बाहर निकलने में असमर्थ थे।
इसके बाद फायर रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस के हवाले कर दिया गया।
घटना के दौरान राजपुर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। थाना प्रभारी पीडी भट्ट के अनुसार, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई की है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि केबिन में फंसे चालक को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचा दिया गया।










