नैनीताल में भीषण सड़क हादसा! तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, दो गंभीर घायल
उत्तराखंड के नैनीताल में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। हादसे में युवती सुरक्षित बच गई, जबकि घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर UK 02 A 2544 बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार किसी शिक्षक की बताई जा रही है। हालांकि, वाहन का वास्तविक स्वामी कौन है और हादसे के समय कार कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। कार में सवार लोगों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली।
फिलहाल, हादसे के कारणों और वाहन चालक की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।










