पौड़ी में महिला पर हमला करने वाला गुलदार पिंजरे में कैद, वन विभाग ने ली राहत की सांस
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक महिला पर हमला करने के बाद वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने में सफलता हासिल की है। मामला एकेश्वर ब्लॉक के ईडा मल्ला गांव का है, जहां शुक्रवार सुबह खेत में काम कर रही 55 वर्षीय लीला देवी, पत्नी बलदेव सिंह, पर गुलदार ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वाल वन प्रभाग की टीम हरकत में आई और घटनास्थल के पास गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया।
इसके बाद शनिवार तड़के एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। वन विभाग की टीम उसे रेंज मुख्यालय ले गई है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। मेडिकल जांच के बाद वन विभाग की ओर से गुलदार को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल, गुलदार के पकड़े जाने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।











