अलकनंदा नदी में बहा BA का छात्र अक्षत वर्मा, दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग! बारिश और बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई मुश्किलें
अलकनंदा नदी में बहे गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीए प्रथम वर्ष के छात्र अक्षत वर्मा का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। छात्र की तलाश में आपदा राहत दल और जल पुलिस ने बृहस्पतिवार को अल्केश्वर घाट से लेकर कीर्तिनगर पुल तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सफलता हाथ नहीं लगी।
सुबह से हो रही बारिश और अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आपदा राहत दल ने अल्केश्वर घाट से अभियान शुरू किया और न्यू कमलेश्वर घाट के समीप उस स्थान पर तलाश की, जहां छात्र नदी में बहा था। इसके बाद टीम नदी के बहाव के साथ आगे बढ़ी और कीर्तिनगर पुल तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पूरे अभियान के दौरान छात्र की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। आशंका जताई जा रही है कि छात्र नदी में मौजूद बड़े-बड़े पत्थरों के बीच फंसा हो सकता है।
दरअसल, बुधवार देर शाम न्यू कमलेश्वर घाट के समीप यह हादसा हुआ था। रुड़की के सती मोहल्ले का रहने वाला अक्षत वर्मा नदी में बोतल में पानी भर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अलकनंदा के तेज बहाव में बह गया।
मौके पर मौजूद उसके साथी ने अक्षत को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे बचा नहीं सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कर दी गई।
फिलहाल, दूसरे दिन भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और परिचितों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, आपदा राहत दल और जल पुलिस की ओर से उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।











