दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल का दो टूक जवाब! बोले- माफी मांगने से बेहतर इस्तीफा देना पसंद करूंगा, आत्मसम्मान से समझौता नहीं
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एक बार फिर दलेर मेहंदी विवाद को लेकर चर्चा में हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री मंच से साफ कहते नजर आ रहे हैं कि “मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, माफी नहीं मांगूंगा। जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।”
दरअसल, बीते दिनों मंत्री सुबोध उनियाल का एक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी को लेकर टिप्पणी की थी। मंत्री ने कहा था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्हें नहीं पता कि वह किस चीज के नशे में थे।
मंत्री के मुताबिक, वह इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण नहीं करा सकते थे। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी। उन्होंने कहा था कि अगर उनकी तबीयत ठीक नहीं थी तो कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या फिर कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए था।
अब इसी विवाद के बीच सुबोध उनियाल का माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देने वाला बयान सामने आया है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।










