देहरादून हादसे में 4 लोगों की मौत के बाद बड़ा एक्शन! NHAI और PWD के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला में चार लोगों की जान लेने वाले दर्दनाक सड़क हादसे के बाद अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की तहरीर में सड़क निर्माण और यातायात सुरक्षा से जुड़े इंतजामों में गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। आरोप है कि संबंधित विभागों को सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को लेकर पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी और पत्राचार के माध्यम से जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पुलिस ने 4 नवंबर की रात पटेलनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि सड़क निर्माण और सुरक्षा इंतजामों में कहां लापरवाही बरती गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
चार लोगों की मौत के बाद हुई इस कार्रवाई ने सड़क सुरक्षा और संबंधित विभागों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










