केदारताल ट्रैक हादसा: दो और पर्वतारोहियों के शव बरामद, मृतकों की संख्या 6 पहुंची, अब भी 2 लापता!
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रैक पर लापता पर्वतारोहियों की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को राहत एवं बचाव दल को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली, जब खोजबीन के दौरान दो और पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वाले पर्वतारोहियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। हालांकि, अभी भी दो पर्वतारोही लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।
नमस्कार! आप देख रहे हैं हिमाचल मेंटोर।
दरअसल, केदारताल ट्रैक पर फंसे और लापता पर्वतारोहियों को खोजने के लिए एनआईएम यानी नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। बुधवार तक चार पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें लखनऊ निवासी सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा भी शामिल थीं। वहीं, दो अन्य शवों की पहचान नहीं हो पाई थी।
बुधवार को खराब मौसम के चलते रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ, लेकिन बृहस्पतिवार को मौसम में सुधार के बाद टीमों ने फिर से खोजबीन शुरू की और दो अन्य लापता पर्वतारोहियों के शव बरामद कर लिए।
हालांकि, एयर टर्बुलेंस यानी हवा में अस्थिरता के कारण हेलिकॉप्टर के जरिए शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। अब शुक्रवार को हेलिकॉप्टर की मदद से दोनों शवों को मातली हेलिपैड तक लाने की तैयारी की जा रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने भी दो शव बरामद होने की पुष्टि की है। फिलहाल दो पर्वतारोही अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश में रेस्क्यू टीमों का अभियान जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ों में कठिन ट्रैकिंग अभियानों के दौरान मौसम की चुनौती और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं कि बाकी लापता पर्वतारोहियों का पता कब तक चल पाता है।










