बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा! पिकअप और राजस्थान नंबर की कार में जोरदार भिड़ंत, 12 लोग घायल, मची चीख-पुकार
उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार कुल 12 लोगों के घायल होने की सूचना है।
नमस्कार! आप देख रहे हैं हिमाचल मेंटोर।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय एक पिकअप वाहन में छह लोग सवार थे, जबकि राजस्थान नंबर की कार में भी छह लोग मौजूद थे। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
इसके बाद स्थानीय लोगों और राहत बचाव दल की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
पांडुकेश्वर चौकी प्रभारी रुकम सिंह के मुताबिक, दोनों वाहनों में कुल 12 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है। इनमें से 10 घायलों को जेपी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में सवार लोग कंबल बेचने का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बदरीनाथ हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।










