देहरादून में 24 घंटे के भीतर चौथी हत्या से मचा हड़कंप! मस्जिद के पास मिला 55 वर्षीय सलीम का शव, दाईं आंख पर चोट के निशान; मौके पर पहुंची FSL टीम
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां 24 घंटे के भीतर हत्या की चौथी घटना सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ताजा मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र के चोरखला का है, जहां मस्जिद के पास 55 वर्षीय सलीम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की दाईं आंख पर चोट का निशान पाया गया है। ऐसे में मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है, ताकि मौत के कारणों और घटना से जुड़े पहलुओं का पता लगाया जा सके।
वहीं, पुलिस मृतक की पहचान और उससे जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने के साथ आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है।
फिलहाल सलीम की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। लेकिन 24 घंटे के भीतर हत्या की चौथी घटना ने देहरादून की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









