केदारनाथ के बाद अब यमुनोत्री धाम के कपाट होंगे बंद! बाबा केदार की डोली ओंकारेश्वर मंदिर रवाना, मां यमुना पहुंचेगी खरसाली गांव
आप देख रहे हैं उत्तराखंड की बड़ी खबरें। चारधाम यात्रा के समापन का सिलसिला जारी है। आज 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।
कपाट बंद होने से पहले मंगलवार को नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से धाम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास बिखरे कूड़े को एकत्रित कर नजदीकी एमआरएफ सेंटर पहुंचाया गया, जहां कचरे का पृथक्करण और उचित निस्तारण किया जाएगा।
धाम में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पंचायत के सफाई मित्रों ने विभिन्न स्थानों पर सफाई की। वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित संस्थाओं और विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वहीं, अब बुधवार को भैयादूज के पावन अवसर पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर के कपाट बंद होंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना होगी।
यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में सुबह 10:28 बजे निर्धारित किया गया है।
मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं को मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना का अवसर मिलता रहेगा। शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
यानी अब केदारनाथ के बाद यमुनोत्री धाम भी शीतकालीन प्रवास की तैयारी में है और मां यमुना के दर्शन श्रद्धालुओं को खरसाली में होंगे।











