चारधाम यात्रा खत्म होते ही शुरू होगी शीतकालीन यात्रा की तैयारी! अब श्रद्धालुओं के लिए लागू होगा ऑनलाइन पंजीकरण, सरकार रखेगी आने वाले यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के समापन के बाद अब शीतकालीन यात्रा को लेकर सरकार एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। जिस तरह गर्मियों की चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जाता है, उसी तर्ज पर अब शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।
इस व्यवस्था के लागू होने से शीतकाल में चारधामों के प्रवास स्थलों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की पूरी जानकारी पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगी। साथ ही सरकार के पास शीतकालीन यात्रा से जुड़ा व्यवस्थित डाटा भी तैयार हो सकेगा।
दरअसल, चारधाम यात्रा में गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं, जबकि 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही मुख्य चारधाम यात्रा छह महीने के लिए स्थगित हो जाएगी।
लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के रास्ते बंद हो जाएंगे। शीतकाल में चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके निर्धारित प्रवास स्थलों पर होती है।
बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। वहीं मां गंगोत्री की पूजा मुखबा, मां यमुनोत्री की पूजा खरसाली और भगवान बदरीविशाल से जुड़ी शीतकालीन पूजा नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ और पांडुकेश्वर में होती है। यहां श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकते हैं।
अब जानिए शीतकालीन यात्रा का आंकड़ा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2025 में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे।
ऐसे में अब सरकार पंजीकरण व्यवस्था लागू कर शीतकालीन यात्रा को व्यवस्थित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इससे न केवल श्रद्धालुओं की संख्या का सही आंकड़ा मिलेगा, बल्कि पर्यटन सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है।









