मसूरी झील के पास बड़ा सड़क हादसा! 20 यात्रियों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, कई घायल; पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने संभाला मोर्चा
उत्तराखंड के मसूरी से इस वक्त एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर मसूरी झील के पास यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से पलटते हुए किनारे खाई में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर मसूरी से देहरादून की ओर जा रहा था और इसमें करीब 20 यात्री सवार थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, 108 एंबुलेंस, उप जिला चिकित्सालय और फायर सर्विस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद खाई में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अब तक कई घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया जा चुका है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
फिलहाल पुलिस घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी जुटा रही है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
अब सवाल यह है कि आखिर टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित कैसे हुआ? हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों की स्थिति पर टिकी हुई हैं।











