चीन सीमा के पास वायुसेना की बड़ी तैयारी! 8 हजार मीटर की ऊंचाई से उतरे 23 पैरा कमांडो, चिन्यालीसौड़ में दिखा भारतीय वायुसेना का दम
उत्तराखंड में चीन सीमा के नजदीक भारतीय वायुसेना ने अपनी ताकत और तैयारियों का शानदार प्रदर्शन किया है। चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर चल रहे नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास के तहत मंगलवार को 23 पैरा कमांडो ने सफलतापूर्वक पैराशूट के जरिए रनवे पर लैंडिंग की।
दरअसल, वायुसेना के मल्टीपरपज विमान एएन-32 से करीब 8 हजार मीटर की ऊंचाई पर पहुंचे जवानों ने पैराशूट के सहारे नीचे उतरकर सफल लैंडिंग की। इस अभ्यास के दौरान वायुसेना के जवानों ने अपनी बेहतरीन ट्रेनिंग और परिचालन तैयारियों का प्रदर्शन किया।
आपको बता दें कि चीन सीमा के नजदीक स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां 12 नवंबर से वायुसेना का नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास चल रहा है, जो 21 नवंबर तक जारी रहेगा।
इस अभ्यास का मकसद सैन्य अभियानों और आपातकालीन परिस्थितियों में वायुसेना की परिचालन तैयारियों को परखना है।
अभ्यास को सफल बनाने के लिए वायुसेना ने जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा था। वहीं, तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को बरेली एयरबेस से वायुसेना के अधिकारी एएलएच हेलिकॉप्टर के जरिए चिन्यालीसौड़ पहुंचे थे और आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था।
कुल मिलाकर, चिन्यालीसौड़ में चल रहा यह अभ्यास पहाड़ी और सीमावर्ती क्षेत्रों में भारतीय वायुसेना की तैयारियों को परखने के लिहाज से बेहद अहम है।










