पवन सहरावत की शादी के बाद जौनसार-बावर चर्चा में, ऋषिकेश भी बना वेडिंग डेस्टिनेशन का हॉटस्पॉट
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके अब सिर्फ पर्यटन ही नहीं, बल्कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी लोगों की पसंद बनते जा रहे हैं। हाल ही में राष्ट्रीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान पवन सहरावत के चकराता के पुरोडी टाप में सात फेरे लेने के बाद जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। वहीं, नैसर्गिक सौंदर्य और भोलेनाथ की नगरी के रूप में प्रसिद्ध ऋषिकेश भी डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
पर्वतों की तलहटी और गंगा के किनारे विवाह समारोह आयोजित करना लोगों के लिए खास अनुभव बन रहा है। वेडिंग डेस्टिनेशन और प्री-वेडिंग शूट के जरिए उत्तराखंड की खूबसूरत लोकेशन देशभर में पहचान बना रही हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी नई रफ्तार मिल रही है।
खास बात यह है कि डेस्टिनेशन वेडिंग का बढ़ता चलन स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है। होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, कैटरिंग, सजावट, फोटोग्राफी और परिवहन जैसे क्षेत्रों में स्थानीय कारोबार को फायदा मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि ऋषिकेश में प्री-वेडिंग शूट की संख्या 300 से अधिक है और यहां की लोकेशन प्री-वेडिंग के लिए काफी पसंद की जा रही हैं। अप्रैल से जुलाई और सितंबर से अक्टूबर के बीच वेडिंग और प्री-वेडिंग का कारोबार सबसे अधिक रहता है, जबकि नवंबर से फरवरी के शीतकालीन महीनों में भी करीब 25 से 30 प्रतिशत मांग बनी रहती है।
ऐसे में उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती अब शादी समारोहों के जरिए पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का नया माध्यम बन रही है।










