देहरादून में नौकरानी के पति ने साथियों संग घर में की लूट, आंखों में स्प्रे कर 1 लाख नकदी और जेवर उड़ाए
राजधानी देहरादून के पॉश इलाके बसंत विहार में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है… जहां घर में पहले काम करने वाली नौकरानी के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर लूटपाट की। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों की आंखों में स्प्रे किया और करीब एक लाख रुपये नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
घटना सोमवार देर रात बसंत विहार के कांवली गांव की है, जहां रमेश कौर के घर में यह वारदात हुई। बताया जा रहा है कि रमेश कौर ने घर में काम के लिए नौकरानी रखी थी, जो अपने पति के साथ घर के ऊपरी कमरे में रहती थी। करीब डेढ़ महीने पहले नौकरानी और उसका पति घर छोड़कर चले गए थे।
आरोप है कि सोमवार रात नौकरानी का पति अपने कुछ साथियों के साथ घर पहुंचा और परिवार के सदस्यों की आंखों में स्प्रे कर दिया। इसके बाद घर में रखी एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के हाथों में पहने आभूषण भी उतरवा लिए।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











