BDC सदस्य के पति दीवान सिंह की मौत
जानकारी के अनुसार, गौलापार दौलतपुर निवासी 57 वर्षीय दीवान सिंह, हाल ही में क्षेत्र पंचायत चुनाव जीतीं गंगा बिष्ट (BDC सदस्य) के पति थे।
परिवार के मुताबिक, चुनाव जीत के बाद दीवान सिंह ई-स्कूटी से क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त कर रहे थे। इसी दौरान बीती शाम जब वे बाजार में सब्जी लेने जा रहे थे, तो रास्ते में अचानक एक बच्चे को बचाने के प्रयास में उनकी स्कूटी रपट गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
घायल को आनन-फानन में सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
कालाढूंगी में अज्ञात वाहन की टक्कर से पालिका कर्मचारी घायल
दूसरी ओर, कालाढूंगी क्षेत्र में सड़क हादसे में नगर पालिका के वरिष्ठ सहायक (बड़े बाबू) मो. इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, मो. इस्लाम बाइक से बाजपुर से अपने घर कालाढूंगी लौट रहे थे। इसी दौरान नया गांव के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें एसटीएच हल्द्वानी और फिर श्रीराम मूर्ति अस्पताल बरेली रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
कालाढूंगी थाना प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि हादसे की जांच जारी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन और चालक की गिरफ्तारी की जाएगी।