देहरादून : देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सहस्रधारा रोड स्थित ऋषिनगर निवासी एक युवक का शव लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान दीपक उर्फ दीपू के रूप में हुई है।
बुधवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरते हुए उसे कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने गिरने या चोट लगने से मौत की आशंका जताई, लेकिन परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया।
घटना के करीब 24 घंटे बाद बृहस्पतिवार शाम मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित होकर रायपुर थाने पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही के आरोप लगाए और नामजद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। हालात बिगड़ते देख पुलिस अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली। देर शाम पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी ज्योति ने तहरीर में बताया कि 24 दिसंबर को जॉनी नामक युवक (निवासी खटीक मोहल्ला, करनपुर) उसके पति को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते जॉनी ने दीपक की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।









