देहरादून : थाना राजपुर क्षेत्र के दून विहार में किराये के मकान में रह रहे पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोबारा डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि साइबर सेल, एसओजी और फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि दून विहार क्षेत्र स्थित एक घर में किराये पर रहने वाला व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा। सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि पंकज मिश्रा घर के पीछे वाले कमरे में बेड के पास फर्श पर मुंह के बल अचेत पड़े थे। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
16 दिसंबर की रात मृतक के भाई अरविंद मिश्रा (निवासी लखनऊ) व अन्य परिजन देहरादून पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि 15 दिसंबर 2025 को अभियुक्तगण मृतक के घर पहुंचे, गाली-गलौच की, मृतक और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन छीने और जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिससे पंकज मिश्रा की मौत हुई।
शिकायत के आधार पर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर में मु.अ.सं. 234/25 के तहत धारा 103, 304, 333 व 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों के अनुरोध पर शव का दोबारा डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम भी कराया गया।
प्रारंभिक विवेचना में वादी, मृतक की पत्नी, मकान मालिक और आसपास के गवाहों के बयान दर्ज किए गए। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर 17 दिसंबर 2025 को पुलिस ने लंबी पूछताछ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
अमित सहगल पुत्र स्व. अशोक सहगल, निवासी विजयपुर गोपीवाला अनारवाला, थाना कैंट, देहरादून, उम्र 51 वर्ष
पार्थोशील पुत्र मनिंद्रनाथ सील, निवासी मकान नंबर 11, पांच बावड़ी, गोरेगांव ईस्ट, मुंबई, उम्र 45 वर्ष
एसएसपी देहरादून ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए साइबर सेल, एसओजी और फोरेंसिक टीम को भी लगाया गया है और सभी पहलुओं पर गहन विवेचना जारी है।










