देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधी ने व्हाट्सएप पर भेजे गए एक संदिग्ध लिंक के जरिए एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर ली गईं।
पीड़ित ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से संपर्क किया, जिसके चलते बैंक खाते को समय रहते फ्रीज कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शौर्यादित्य सिंह, निवासी प्रेमनगर, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका खाता सहस्रधारा रोड स्थित एक्सिस बैंक शाखा में है। 22 जनवरी की रात उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक आया। तकनीकी जानकारी के अभाव में उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर दिया।
लिंक खोलते ही उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया और दोबारा चालू होने पर पाया गया कि व्हाट्सएप और एसएमएस से जुड़े कई अहम संदेश अपने आप डिलीट हो चुके थे। इसी दौरान साइबर अपराधी ने उनके बैंक खाते से संबंधित संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली।
घटना की गंभीरता को भांपते हुए पीड़ित ने उसी रात साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को फोन कर सूचना दी। अगले दिन 23 जनवरी को उन्हें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से संदेश मिला, जिसमें खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी दी गई थी। एहतियातन बैंक खाते को तुरंत फ्रीज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित के खाते में करीब 4.89 लाख रुपये की संदिग्ध ट्रांजैक्शन दर्ज की गई थी। फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।










