रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग जनपद के तहसील क्षेत्र में गुलदार के हमले की एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। सिंद्रवाणी गांव में मंगलवार को गुलदार ने पांच वर्षीय बच्चे को उसकी मां की गोद से छीन लिया। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं मासूम की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर खोज अभियान जारी है।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। सिंद्रवाणी क्षेत्र के आठ विद्यालयों में चार और पांच फरवरी को अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही इन स्कूलों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी दो दिनों के लिए बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा जिन शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है, उनमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका और जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं।
घटना के बाद से ग्रामीण स्वयं सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। जंगलों और आसपास के दुर्गम इलाकों में बच्चे की तलाश लगातार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही देखी गई है, लेकिन इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्तकता बढ़ा दी गई है और ग्रामीण प्रशासन से त्वरित सहायता की उम्मीद लगाए हुए हैं।








