नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर) : 5 मार्च 2026 — उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र में थारू जनजाति की उभरती हुई लोक गायिका रिंकू राणा का नानकमत्ता इलाके में सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा होली के अवसर पर अपने मायके से लौटते समय हुआ, जिसमें उनकी भतीजी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

रिंकू राणा (उम्र 36 वर्ष) होली मनाने अपने मायके बिचपुरी (नानकमत्ता) गई हुई थीं। वहां से अपनी भतीजी के साथ स्कूटी पर वापस लौट रही थीं, तभी ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी का इलाज चल रहा है।
रिंकू राणा की ससुराल नानकमत्ता के पूरनगढ़ नौगला में थी। वे अपने पीछे 9 वर्षीय बेटे निशांत सिंह और पति महेश सिंह को अकेला छोड़ गई हैं। थारू जनजाति के प्रसिद्ध सांस्कृतिक दल ‘बंटी राणा सांस्कृतिक दल’ से जुड़ी रिंकू राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में नियमित प्रस्तुति देती थीं और दल में प्रमुख भूमिका निभाती थीं। वे थारू लोक संगीत और संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान दे रही थीं, खासकर होली गीतों और पारंपरिक धुनों के माध्यम से।
इस दुखद घटना से थारू समाज, लोक कलाकारों और उनके परिजनों में गहरा शोक छा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा खटीमा विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने रिंकू राणा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे लोक संस्कृति के क्षेत्र में बड़ी क्षति बताया।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा उपजिला अस्पताल लाया गया है, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।









