उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में आज बादल, बारिश और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रह सकता है, लेकिन मैदानी इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में सुबह और देर रात घने कोहरे के छाए रहने का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में पाले की भी आशंका जताई गई है।
राजधानी देहरादून में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नैनीताल में घना कोहरा
नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। चारों ओर धुंध की मोटी चादर फैली रही और सूर्य की किरणें मुश्किल से धरती तक पहुंच पाईं। ठंड और नमी के कारण लोगों को कंपकंपी महसूस हुई।
कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो गई है, कई इलाकों में यह घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई है। इससे वाहन चालकों को काफी सावधानी से गाड़ी चलानी पड़ रही है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूल जाने वाले बच्चे और सुबह टहलने निकलने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आए।
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।










