कभी कंटेंट मेकिंग से पहचान बनाने वाली यूट्यूबर वंशिका इन दिनों अपने “ऑफ-स्क्रीन कंटेंट” से सुर्खियों में हैं। मोदीनगर रोड निवासी वंशिका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ाधड़ वायरल हो रहा है। इसमें वह अपने पिता से गाली-गलौज करते हुए नजर आती हैं, वहीं पहले से ही वायरल हो रहा एक दूसरा वीडियो उनकी मां के साथ हाथापाई का गवाह बन रहा है। पहले सामने आया वीडियो बताता है कि वंशिका और उनकी मां के बीच बुधवार शाम प्रॉपर्टी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। वीडियो में दोनों जमीन पर गिरते दिखाई देते हैं। करीब पांच मिनट तक चली यह घरेलू जंग अब इंटरनेट का नया मनोरंजन पैकेज बनी हुई है।
मां ने आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है कि वंशिका ने उनसे मारपीट की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
तभी दूसरा वीडियो सामने आया—और इंटरनेट आगरा एक्सप्रेसवे की तरह और तेज़ दौड़ पड़ा। वंशिका को इस बार अपने पिता से तीखी बहस करते देखा गया। पिता ने जहां कहा—“मैं तेरी शक्ल तक देखना नहीं चाहता,”—तो वहीं वंशिका ने चिल्लाते हुए जवाब दिया—“जा डूब कर मर जा!”
लोगों में चर्चा गर्म है—क्या ये महज पारिवारिक दरार है, या फिर वायरलिटी के लिए बनाया गया नया फ़ॉर्मैट? हालांकि, परिवार की ओर से साफ़ किया गया है कि मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है।










