देहरादून : पहाड़ों में स्वास्थ्य व्यवस्था की लचरता को सुधारने की मांग को लेकर चौखुटिया से देहरादून तक पद यात्रा पर निकले आंदोलनकारियों को देहरादून पुलिस ने जोगीवाला चौक से गिरफ्तार कर लिया। इस पद यात्रा को आंदोलनकारियों ने ऑपरेशन स्वास्थ्य का नाम दिया था। यह यात्रा कुमाऊं के चौखुटिया से कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, देवप्रयाग,ऋषिकेश से होते हुए देहरादून पहुंची थी।
लेकिन जोगीवाला चौक पहुंचते ही पुलिस ने पदयात्रा में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आंदोलनकारी गांधी पार्क में आज रात धरने पर बैठने वाले थे।
लेकिन जोगीवाला चौक पर पद यात्रियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने यात्रियों को जबरन रोक लिया जिसके बाद वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
पदयात्री पैदल ही गांधी पार्क जाने की मांग करने लगे जिसके बाद पुलिस उन्हें बस में ठूंसने लगी। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से झड़प हुई।










