हल्द्वानी : दिल्ली से पहुंची राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने शुक्रवार देर रात हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम रात करीब ढाई बजे लाइन नंबर आठ में पहुंची और बिलाल मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम को पूछताछ के लिए अपने साथ दिल्ली ले गई।
शनिवार की सुबह से ही बनभूलपुरा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। स्थानीय पुलिस ने पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में हुए धमाके के आरोपित उमर से जुड़े मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल की जांच में कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
दबिश के बाद संवेदनशील माने जाने वाले इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस चारपहिया और दोपहिया वाहनों की सघन चेकिंग कर रही है। वहीं बिलाल मस्जिद के साथ-साथ इमाम के आवास के बाहर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।










