हरिद्वार में 11 माह की मासूम से दरिंदगी! मां खाना बना रही थी, बच्ची को कमरे में ले गया आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
उत्तराखंड के हरिद्वार से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर कोतवाली क्षेत्र में महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सौरभ कुमार कुछ दिन पहले विकास इंडस्ट्री नाम की फैक्ट्री में काम करने आया था। उसने फैक्ट्री के पास ही किराए पर कमरा लिया हुआ था।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात बच्ची रो रही थी और उसकी मां खाना बनाने में व्यस्त थी। इसी दौरान आरोपी बच्ची को चुप कराने के बहाने अपने साथ कमरे में ले गया। कुछ देर बाद बच्ची की चीख सुनकर मां वहां पहुंची तो बच्ची की हालत देखकर घबरा गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सौरभ कुमार निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर, बिहार के रूप में की है, जो वर्तमान में हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र में रह रहा था।
शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी और दोपहर में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मासूम का हायर सेंटर में उपचार जारी है।











