देहरादून : उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को उनके निजी मोबाइल नंबर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने रविवार को देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायती पत्र में महेंद्र भट्ट ने बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार उन्हें कॉल कर अपशब्दों, गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है।
भट्ट के अनुसार, उन्होंने कई बार फोन करने वाले व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया कि इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अनुचित है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार कॉल कर अभद्र व्यवहार करता रहा। शिकायत में आशंका जताई गई है कि कॉल करने वाला व्यक्ति किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हो सकता है।
भट्ट ने पुलिस को बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति का व्यवहार अत्यधिक उत्तेजित प्रतीत होता है, जिससे न केवल उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि उनके जीवन को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ इस तरह की अभद्र भाषा और जानलेवा धमकी को पार्टी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में इस तरह के व्यवहार की कोई जगह नहीं है।
चौहान ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ ऐसी घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। पार्टी को उम्मीद है कि पुलिस इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर आरोपी को कानून के कठघरे में खड़ा करेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित इस प्रकार की धमकियों से भाजपा कार्यकर्ता अपने कर्तव्यों से विचलित नहीं होंगे, बल्कि दोगुने उत्साह के साथ जनकल्याण और राज्य के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।










