मुनस्यारी में बाइक सवार मजदूरों पर गिरा भारी बोल्डर, एक की मौत, दूसरा गंभीर… हेलीकॉप्टर से रेफर
उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो मजदूरों की जिंदगी को प्रभावित कर दिया। धापा-मिलम मोटर मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर गया, जिसकी चपेट में बाइक सवार दो मजदूर आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक सीमा सड़क संगठन यानी BRO में मजदूरी करते थे और मंगलवार को बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सियूनी नामक स्थान पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर पड़ा। बोल्डर की चपेट में आने से 26 वर्षीय भुवन कुमार पुत्र नरी राम, निवासी ग्राम साईंपोलो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल प्रदीप को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बेहद गरीब परिवारों से संबंध रखते थे। हादसे की खबर सामने आते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, हादसे के बाद सीमांत क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत का मुद्दा भी उठने लगा है। क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी ने मुनस्यारी में सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सीमांत क्षेत्र में गंभीर घायलों को जांच और उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर भेजना पड़ता है, ऐसे में मुनस्यारी में सीटी स्कैन की सुविधा बेहद जरूरी है।
इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।










