श्रीनगर में गुलदार के हमले से महिला की मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, हाईवे पर लगाया जाम
उत्तराखंड के श्रीनगर में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार को बछेली ग्रामसभा के तरुली गांव में 48 वर्षीय महिला की मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर खंडाह में श्रीनगर-पौड़ी राजमार्ग पर जाम लगा दिया। विरोध के चलते करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर डीएफओ पौड़ी महातिम यादव, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को गुलदार को मारने के आदेश पढ़कर सुनाए। साथ ही गुलदार को पकड़ने और उसकी निगरानी के लिए वन विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए राजी हुए और यातायात बहाल हो गया।
डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की दो टीमें गश्त कर रही हैं। गुलदार को मारने के लिए दो शिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा निगरानी के लिए छह ट्रैप कैमरे और गुलदार को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की ओर से निर्धारित सहायता राशि पीड़ित परिवार को दे दी गई है।












