पिरान कलियर के गेस्ट हाउस में मिला मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर आतिफ का शव! वीडियो कॉल के बाद मचा हड़कंप, मौत की वजह की जांच में जुटी पुलिस
उत्तराखंड के पिरान कलियर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ पिरान कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए आतिफ के भाई को घटना दिखाई। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।











