कोटद्वार-पौड़ी मार्ग पर बड़ा हादसा टला! भदालीखाल के पास खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, पेड़ ने बचाई 30 लोगों की जान
री जीएमओयू की बस बुधवार को भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी अशोक ममगाईं चला रहे थे। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके बाद बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी।
इसी दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई। सोचिए, अगर बस पेड़ से नहीं टकराती तो हादसा कितना गंभीर हो सकता था!
घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी के सुरक्षित निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।










