हल्द्वानी के होटल में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी! महिला मित्र हिरासत में, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां रामपुर रोड स्थित एक होटल के कमरे में 32 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि युवक की मौत के असली कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, मृतक हल्द्वानी के वार्ड नंबर 14, टनकपुर रोड का रहने वाला था और ट्रांसपोर्ट नगर में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में रुका था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों ने बीयर का सेवन किया था और युवक ने कुछ दवाइयां भी ली थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इनका प्रतिकूल प्रभाव उसकी तबीयत बिगड़ने की वजह हो सकता है। हालांकि, फिलहाल मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और मृतक की पुरानी परिचित है। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और महिला अक्सर युवक से मिलने हल्द्वानी आती थी। घटना से दो दिन पहले ही वह हल्द्वानी पहुंची थी।
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक और महिला, दोनों शादीशुदा थे। युवक के तीन बच्चे हैं, जबकि महिला के दो बच्चे हैं। युवक के परिवार को दोनों के मेल-जोल की जानकारी थी और इसको लेकर घर में विवाद चलने की बात भी सामने आई है।
एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मुताबिक, पुलिस को सरगम सिनेमा के पास स्थित होटल के कमरे में एक युवक के संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और बिसरा भी सुरक्षित रखा गया है। एसपी सिटी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर होटल के कमरे में युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई? इसका जवाब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।










