देर रात तेज रफ्तार बोलेरो का कहर! 5 स्कूटी और 2 बाइक को मारी टक्कर, युवक घायल, चार लोग फरार
शहर में देर रात तेज रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। चंदरनगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो ने कई वाहनों को टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में पांच स्कूटी और दो बाइक को नुकसान पहुंचा, जबकि एक युवक भी घायल हो गया।
हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद बोलेरो में सवार चार लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बोलेरो को क्रेन की मदद से उठवाकर कोतवाली पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बोलेरो पर उत्तराखंड सरकार का बोर्ड लगा हुआ था।
प्रारंभिक तौर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि वाहन सवार शराब के नशे में गाड़ी दौड़ा रहे थे। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
उधर, घटना से गुस्साए स्थानीय लोग देर रात कोतवाली पहुंच गए और वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
अब सवाल यह है कि आखिर इतनी तेज रफ्तार से वाहन कौन चला रहा था और हादसे के बाद चारों लोग मौके से क्यों फरार हो गए? फिलहाल, सभी की नजरें पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।











