देहरादून के पटेलनगर बाजार में दो पक्षों में बवाल! पुलिस ने 8 लोगों को किया गिरफ्तार
देहरादून के पटेलनगर बाजार में दो पक्षों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि सार्वजनिक स्थान पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने पर उतारू हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्तूबर को कोतवाली पटेलनगर पुलिस को बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
लेकिन आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों पक्षों के लोग शांत नहीं हुए। उल्टा, वे और उग्र हो गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए।
ऐसे में मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाया और दोनों पक्षों के कुल आठ लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और विवाद को आगे बढ़ने से रोकना बताया गया है।










