किच्छा की जिंदल पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग! 30 से 35 लाख का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका
उत्तराखंड के किच्छा से आग लगने की बड़ी खबर सामने आई है, जहां ग्राम मलसा गिरधरपुर स्थित जिंदल पैकेजिंग कंपनी में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कंपनी में रखी मशीनें, तैयार माल और कच्चा माल जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब सवा नौ बजे कंपनी में अचानक आग लग गई। आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन प्रभारी चंद्र प्रकाश के निर्देश पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए रुद्रपुर से दो और किच्छा से एक दमकल वाहन बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की पंपिंग करते हुए आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि जिंदल पैकेजिंग कंपनी में प्लास्टिक के घरेलू सामान के साथ-साथ विभिन्न उद्योगों के लिए पैकेजिंग पैकेट बनाए जाते हैं। कंपनी अधिकारियों के अनुसार, आग की चपेट में आने से मशीनों, तैयार उत्पादों और कच्चे माल को भारी नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल, इस अग्निकांड में करीब 30 से 35 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने के कारणों और नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।










