टिहरी में बड़ा हादसा! 50 मीटर गहरी खाई में गिरी वैगनआर, पेड़ पर अटकी कार; दंपति घायल
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां नई टिहरी-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-707A) पर एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा टीसीआर होटल के पास हुआ। गनीमत रही कि कार खाई में गिरने के बाद एक पेड़ पर अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, कार में सवार पति-पत्नी घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, वैगनआर कार नंबर UK 14 J 0190 नई टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। इसी दौरान टीसीआर होटल के पास कार सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे के समय कार में करीब 55 वर्षीय मधु पैन्यूली और उनके पति हरिश्चंद्र पैन्यूली सवार थे। दोनों देहरादून जिले के ऋषिकेश स्थित विनोद विहार कॉलोनी, खत्री रोड, श्यामपुर के निवासी हैं।
दुर्घटना की सूचना जिला कंट्रोल रूम से कोतवाली चंबा पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा पुलिस बल, टिहरी फायर सर्विस और पीएसी के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद खाई में पेड़ पर अटकी कार से दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
फिलहाल, हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।










