गोमुख ट्रैक पर अनिश्चितकालीन रोक, बर्फबारी के बीच 7 ट्रैकर फंसे
उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते अब गोमुख ट्रैक पर जाने वाले पर्यटकों और ट्रैकर्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोमुख ट्रैक पर अनिश्चितकालीन अस्थायी रोक लगा दी है। यानी अगले आदेश तक किसी को भी इस ट्रैक पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दरअसल, बीते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को गोमुख ट्रैक पर भारी बर्फबारी हुई है। इसके चलते कई स्थानों पर हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है, वहीं अधिक बर्फ जमा होने के कारण ट्रैक के कई हिस्से क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं। ऐसे में वन विभाग ने किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए यह फैसला लिया है।
इस बीच एक और चिंता की बात सामने आई है। गंगोत्री नेशनल पार्क के अनुसार भोजबासा और तपोवन क्षेत्र में सात ट्रैकर फंसे हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी सातों ट्रैकर्स से संपर्क स्थापित हो चुका है और वे सुरक्षित स्थान पर हैं। उन्हें सुरक्षित गंगोत्री तक पहुंचाने के लिए वन विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि हिमस्खलन के खतरे और ट्रैक की खराब स्थिति को देखते हुए यह रोक लगाई गई है। जब तक मौसम और रास्ते की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक किसी को भी गोमुख ट्रैक पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।
ऐसे में अगर आप भी आने वाले दिनों में गोमुख या तपोवन की ट्रैकिंग का प्लान बना रहे हैं, तो फिलहाल अपनी यात्रा टाल दें और प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार करें।










