फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद, इस बार टूटे पिछले सभी रिकॉर्ड, 35,261 सैलानियों ने किया दीदार, ₹67 लाख से ज्यादा की कमाई!
उत्तराखंड की विश्व धरोहर फूलों की घाटी अब पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई है। 31 अक्टूबर यानी आज पर्यटन सीजन का आखिरी दिन रहा। इस बार फूलों की घाटी ने पर्यटकों की संख्या के मामले में पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
दरअसल, फूलों की घाटी हर साल एक जून को पर्यटकों के लिए खोली जाती है और 31 अक्टूबर को सीजन समाप्त होने के साथ इसे बंद कर दिया जाता है। इस साल भी घाटी में पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली।
फूलों की घाटी के वनक्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान के अनुसार, इस वर्ष एक जून से 31 अक्टूबर तक कुल 35 हजार 261 पर्यटक घाटी का दीदार करने पहुंचे। पर्यटकों की इस रिकॉर्ड संख्या से वन विभाग को 67 लाख 7 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
यानी इस बार फूलों की घाटी ने पर्यटकों की आमद और राजस्व, दोनों के मामले में शानदार प्रदर्शन किया है। अब सर्दियों के मौसम को देखते हुए घाटी के दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। पर्यटकों को अब अगले पर्यटन सीजन का इंतजार करना होगा।










