गंगोत्री धाम जा रहे यात्रियों की गाड़ी 200 मीटर गहरी खाई में गिरी, नदी में समाई! हादसे में 5 की मौत, 2 लापता
उत्तराखंड के उत्तरकाशी से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले सात लोगों का सफर गंगनानी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बदल गया। बृहस्पतिवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और सीधे नदी में समा गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। सभी यात्री बृहस्पतिवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए थे। लेकिन गंगनानी बाजार से आगे पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल और नदी किनारे बेहद दर्दनाक मंजर देखने को मिला। बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे चार लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है और दो अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।
गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर की चुनौतियों को सामने ला दिया है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है।










