दीपावली पर राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट! चप्पे-चप्पे पर वनकर्मियों की नजर, बैरियरों पर हर वाहन की होगी सख्त जांच
उत्तराखंड में दीपावली पर्व को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पार्क के सभी चेक पोस्ट और बैरियरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। बैराज, चीला और गंगा भोगपुर स्थित बैरियरों पर विशेष सख्ती बरती जा रही है। यहां से गुजरने वाले हर वाहन की गहनता से जांच की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि और वन्यजीवों के शिकार को रोका जा सके।
पार्क प्रशासन ने बैराज-चीला मार्ग पर भी नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। सर्दियों में यह मार्ग शाम 6 बजे और गर्मियों में रात 8 बजे बंद कर दिया जाता है। दीपावली के दौरान निर्धारित समय के बाद मार्ग पर आवाजाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पार्क के अंदर नाले-खालों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। शिकार और अवैध घुसपैठ रोकने के लिए कैमरे भी लगाए जाएंगे।
वहीं, राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में भी वनकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रेंज अधिकारी गौरव नेगी के निर्देश पर बुधवार को वन विभाग की टीम ने मोतीचूर-देहरादून और ऋषिकेश रेलवे ट्रैक के किनारे सघन गश्त की। रेलवे ट्रैक के आसपास जंगल क्षेत्र में अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी टीम गठित की गई है।
रेंज अधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि दीपावली के दौरान जंगल में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। पटाखों के शोर और भीड़भाड़ के बीच वन्यजीवों को परेशानी न हो और शिकारी इसका फायदा न उठा सकें, इसके लिए वनकर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पार्क और गांव से सटे क्षेत्रों में टीमें लगातार गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
इसके साथ ही रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों से जंगल में फेंकी जा रही गंदगी को हटाने के लिए सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। पार्क प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगल के आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दें।
गश्त के दौरान वन दरोगा दिनेश डुमरियाल, वन आरक्षी मनोज किशोर, देवांशु शर्मा, धर्मपाल और विनोद नौटियाल सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।










