बाबा केदार के कपाट शीतकाल के लिए बंद! वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुबह 8:30 बजे संपन्न हुई प्रक्रिया, जयकारों से गूंज उठा केदारनाथ धाम
उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार सुबह ठीक 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा का भी औपचारिक समापन हो गया।
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर केदारनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बाबा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और भक्तों ने नम आंखों से बाबा केदार को विदाई दी।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह चार बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। सभी धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान का पालन करते हुए पूजा संपन्न करवाई गई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी और चौकी प्रभारी मुकेश डिमरी सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
अब शीतकाल के दौरान बाबा केदार की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल परंपरा के अनुसार की जाएगी। इसी के साथ एक बार फिर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने तक श्रद्धालुओं को अगले यात्रा सीजन का इंतजार रहेगा।










