दिवाली की रात 15 वर्षीय अर्श की मौत का खुलासा! दोस्तों की ही कार से कुचलकर गई जान, CCTV फुटेज से सामने आई घटना की सच्चाई
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिवाली की रात 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। जिस घटना को शुरुआत में मारपीट के दौरान हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, उसकी गुत्थी सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सुलझती नजर आ रही है।
दरअसल, थाना डालनवाला पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात अर्श अपने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने घर से निकला था। देर रात सभी कार में सवार होकर निकले थे। तड़के करीब 3 बजे रेसकोर्स के सूरी चौक पर उनकी मुलाकात स्कूटी सवार युवकों के दूसरे गुट से हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आमना-सामना होते ही पुरानी कहासुनी फिर शुरू हो गई और मामला बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि धर्मपुर चौक के पास अग्रवाल बेकरी के नजदीक दोनों पक्षों का दोबारा आमना-सामना हो गया। यहां अचानक अफरातफरी मच गई और युवक इधर-उधर भागने लगे।
इसी दौरान अर्श भी अपने साथियों के साथ वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि पीछे की ओर तेजी और लापरवाही से बैक हो रही दोस्तों की कार के पिछले पहिये की चपेट में अर्श आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण 15 वर्षीय अर्श की मौत हो गई।
शुरुआत में मामला मारपीट और हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की जांच में अब सामने आ रहा है कि अर्श की जान अपने ही साथियों की कार की चपेट में आने से गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।










