भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी की दर्दनाक मौत! 400 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो मैक्स, चालक समेत तीन की गई जान; सुबह मिला हादसे का पता
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास बुधवार देर रात एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटी समेत वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों ही हरड़ा गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स में सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना देर रात हुआ कि किसी को इसकी जानकारी तक नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह राहगीरों की नजर सड़क से नीचे खाई में गिरे दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सुबह करीब नौ बजे सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई करीब 400 मीटर गहरी होने के कारण शवों को बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
वहीं, एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।











