हल्द्वानी दुष्कर्म मामले में महिला कांग्रेस का हल्लाबोल! ज्योति रौतेला के नेतृत्व में मुखानी थाने में धरना, संदिग्ध कार बरामद करने की उठाई मांग
उत्तराखंड के हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है। भाजपा सरकार में बहन-बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी मुखानी थाने पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं।
दरअसल, 12 नवंबर को पनियाली के पास स्थित त्रिशूल होम स्टे में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने एबीवीपी से जुड़े और एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके देवेंद्र बिष्ट के साथ नितिन, अंश और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया था।
अब महिला कांग्रेस ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस संदिग्ध कार में नाबालिग को बैठाकर ले जाया गया था, उसका पता लगाकर उसे बरामद किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाई जाए।
धरने के दौरान महिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर सरकार के दावे केवल पोस्टर, बैनर और बयानों तक सीमित हैं।
इतना ही नहीं, महिला कांग्रेस ने हल्द्वानी की इस घटना में पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिलहाल इस मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।










