बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद! 6 महीने तक देवता करेंगे भगवान बदरी विशाल की पूजा, जय बदरी विशाल के जयकारों से गूंज उठी बदरीपुरी
उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। भगवान बदरी विशाल के मंदिर के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान और शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ इस साल की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया।
मान्यता है कि अगले छह महीने तक देवता स्वर्ग से भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना और आराधना करेंगे। मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि यह परंपरा आस्था और श्रद्धा का अद्भुत प्रतीक है, जिसका आज भी पूरी निष्ठा के साथ पालन किया जाता है।
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर बदरीनाथ धाम में प्रकृति, आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही पूरी बदरीपुरी जय बदरी विशाल के जयकारों से गूंजती रही।
वहीं, कपाट बंद होने से पहले भगवान बदरी विशाल का भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया। इस अलौकिक दर्शन को देखने के लिए कर्नाटक से पहुंचीं श्रद्धालु राणा शुभलक्ष्मी, यशोधरा और श्रीवासी के साथ केरल से आए ईश्वरन और जयशंकरम पट्टाभि भी भावविभोर हो उठे।
अब छह महीने तक बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे और शीतकालीन पूजा की परंपरा जारी रहेगी।











