शादी की खुशियां मातम में बदलीं! बारात से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, 4 लोगों की मौत और 6 घायल… चार की हालत गंभीर, श्रीनगर रेफर!
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां शादी समारोह से हंसी-खुशी अपने घर लौट रहे लोगों की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। क्यूंजा घाटी में कंडारा के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 10 लोग सवार थे और सभी पोखरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। सोमवार रात करीब नौ बजे जैसे ही वाहन कंडारा के पास पहुंचा, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और मैक्स सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
खाई काफी गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिन घरों में शादी की खुशियों के बीच अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।










