हरिद्वार में इंसानियत शर्मसार! 11 महीने की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, गंभीर हालत में AIIMS में भर्ती
उत्तराखंड के हरिद्वार से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां महज 11 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई। बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सौरभ नाम का एक युवक बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वहां पहुंचा और उसे चुप कराने के बहाने अपने कमरे में ले गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बताया जा रहा है कि बच्ची का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला है और हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम करता है। वहीं, आरोपी सौरभ बिहार के भागलपुर का निवासी बताया गया है, जो कुछ दिन पहले ही उसी फैक्टरी में काम करने आया था। उसने बच्ची के परिवार के घर के पास ही किराये पर कमरा लिया हुआ था।
घटना के समय बच्ची की मां रसोई में खाना बना रही थी और बच्ची रो रही थी। इसी दौरान आरोपी बच्ची को चुप कराने के बहाने अपने कमरे में ले गया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक, मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल बच्ची का एम्स में उपचार चल रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










